SIWAN: सीवान में निर्माणाधीन सरकारी भवन को लेकर विवाद सामने आया है। ठेकेदार ने विधायक प्रतिनिधि समेत कई लोगों पर निर्माण कार्य रोकने, 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बदनाम करने की साजिश बताया है।
सिवान जिले में निर्माणाधीन सरकारी भवन को लेकर विवाद सामने आया है। बेलोंड निवासी ठेकेदार विवेक कुमार सिंह ने अमित कुमार पासवान, साहेब हुसैन समेत अन्य लोगों पर निर्माण कार्य रोकने, गाली-गलौज करने, धमकी देने तथा 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। वहीं, आवेदन में ठेकेदार ने NDA के घटक दल लोजपा आर के दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान पर 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, 5 अक्टूबर को करीब 11:30 बजे विवेक कुमार सिंह निर्माणाधीन सरकारी भवन के कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान अमित कुमार पासवान, साहेब हुसैन समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। राशि नहीं देने पर काम बंद कराने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदक का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और मारपीट का प्रयास किया गया। इसी बीच डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आवेदन में पूर्व में भी धमकी दिए जाने का उल्लेख करते हुए दो कांड संख्याओं का जिक्र किया गया है। ठेकेदार ने पुलिस से मामले की जांच कर अपनी जान-माल की सुरक्षा तथा निर्माण कार्य को निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान ने ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। विधायक का कहना है कि उन्होंने प्रखंड में निर्माणाधीन मॉडल ब्लॉक भवन के निर्माण में कथित अनियमितता/धांधली को लेकर भवन निर्माण विभाग, बिहार को आवेदन दिया था। विधायक के अनुसार, इसके बाद संवेदक की ओर से उनसे कई बार संपर्क कर मामले को आपसी स्तर पर सुलझाने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने मामले को मैनेज या सेटिंग करने से इनकार कर दिया।विधायक का आरोप है कि इसके बाद उन्हें फंसाने और बदनाम करने के उद्देश्य से उनके खिलाफ प्राथमिकी/शिकायत की कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए 3 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप को भी खारिज किया है।
सिवान से फैयाज अली की रिपोर्ट





