SHEOHAR: शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहां गांव में 22 अगस्त को हुई कोमोद साह की पीट-पीटकर हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किसन साह, पिता विश्वनाथ साह, निवासी मीनापुर बलहां के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया था।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और DIU की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच में जुटी टीम वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मामले को लेकर एसडीपीओ अनुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। इस दौरान पिपराही थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह भी मौजूद रहे।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट





