Bihar Accident News : सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, दाउदपुर थाना क्षेत्र के पूरब सोनिया पुल के समीप सुबह करीब पांच बजे एक ऑटो छपरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। लेकिन यहां स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल एक युवक घंटों तक डायल 112 वाहन में पड़ा तड़पता रहा, लेकिन अस्पताल का कोई भी स्वास्थ्यकर्मी उसे देखने तक नहीं पहुंचा।
बताया जा रहा है कि युवक दर्द से कराहता रहा और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर इलाज मिल जाता तो शायद युवक की जान बच सकती थी।
घटना के दौरान डायल 112 वाहन में मौजूद चालक का गुस्सा भी सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने स्वास्थ्य व्यवस्था और सिस्टम की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच-531 पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। लोगों ने सड़क पर नियमित जांच, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




