Bihar Crime News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद सरकारी कार्यालय में शराब के नशे में ड्यूटी करने का मामला सामने आया है. पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड स्थित राजपुर डाकघर में सब पोस्टमास्टर रविभूषण कुमार कथित तौर पर शराब के नशे में पहुंच गए. इस दौरान उन्होंने डाकघर आए ग्राहकों के साथ बदतमीजी की, जिससे नाराज होकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
मामला केसरिया थाना क्षेत्र के राजपुर डाकघर का है. जानकारी के अनुसार, सब पोस्टमास्टर रविभूषण कुमार कार्यालय में नशे की हालत में पहुंचे थे. उनकी स्थिति देखकर डाकघर आए ग्राहक भी हैरान रह गए. आरोप है कि उन्होंने वहां अपने काम से पहुंचे लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया. इससे नाराज कई ग्राहक बिना अपना काम कराए ही वापस लौट गए.
ग्राहकों की शिकायत पर पहुंची पुलिस
डाकघर में सब पोस्टमास्टर के व्यवहार से परेशान कुछ लोगों ने इसकी जानकारी केसरिया थाने को दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम राजपुर डाकघर पहुंची. वहां रविभूषण कुमार कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए मिले. इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई और मेडिकल जांच कराई.
केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच में रविभूषण कुमार के शराब पीने की पुष्टि हुई है. इसके बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रविभूषण कुमार पहले भी कई बार शराब के नशे में डाकघर आ चुके हैं. इस बार ग्राहकों के साथ बदतमीजी किए जाने के बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. ग्रामीणों के अनुसार, डाकघर में अपने जरूरी काम के लिए आने वाले लोगों को इस वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा.
सरकारी कार्यालय में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने और ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार की इस घटना के बाद इलाके में चर्चा है. पुलिस ने शराब पीने की पुष्टि के बाद सब पोस्टमास्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.





