PATNA: छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भोजपुर जिले के तरारी स्थित प्राचीन देव सूर्य मंदिर परिसर में कराए गए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 14.78 करोड़ रुपये की लागत से हुए विकास कार्यों का रिमोट के जरिए उद्घाटन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सदियों से भगवान सूर्य की उपासना की परंपरा रही है। भगवान सूर्य ऊर्जा के शाश्वत स्रोत हैं और समस्त सृष्टि को जीवन एवं ऊर्जा प्रदान करते हैं। छठ महापर्व हमारी गहरी आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव सूर्य मंदिर अत्यंत प्राचीन और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर का विकास होने से धार्मिक पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में मंगल भवन (जी+1), छठ घाट, चहारदीवारी, पाथ-वे और आकर्षक मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है। मंगल भवन से लोगों को शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। वहीं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के ठहरने एवं विश्राम की बेहतर व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत विभिन्न घाटों का निर्माण एवं विकास कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रखने का निर्देश दिया। साथ ही राज्यवासियों से छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव सह पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सांसद, विधायक, भोजपुर के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग भी जुड़े।





