पटना में महिला रोजगार मेला: 2000 महिलाओं को नौकरी का मौका, 16–17 मार्च को बिहार सरकार का मेगा जॉब फेयर

पटना के ज्ञान भवन में 16 और 17 मार्च को महिला रोजगार मेला आयोजित होगा। महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से होने वाले इस मेगा जॉब फेयर में 50 से अधिक राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी, जिससे करीब 2000 महिलाओं को नौकरी मिलने की संभावना है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 12, 2026, 7:39:59 AM

पटना में महिला रोजगार मेला: 2000 महिलाओं को नौकरी का मौका, 16–17 मार्च को बिहार सरकार का मेगा जॉब फेयर

- फ़ोटो

PATNA : बिहार में नौकरी की तलाश कर रही महिलाओं को बड़ा मौका मिलने वाला है। बिहार सरकार दो दिनों का महिला रोजगार मेला (Women Job Fair) आयोजित करने जा रही है। इस मेगा जॉब फेयर में करीब 2000 महिलाओं को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। 16 और 17 मार्च को पटना के ज्ञान भवन में ये मेगा जॉब फेयर लगेगा।


50 कंपनी में जॉब का मौका

यह रोजगार मेला राज्य सरकार के समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से आयोजित किया जा रहा है। सरकार के मुताबिक इस मेले में 50 से अधिक राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी।


आईटी से बैंकिंग तक नौकरियों के अवसर

इस रोजगार मेले में भाग लेने वाली महिलाओं को आईटी, रिटेल, हेल्थकेयर, बैंकिंग, कस्टमर सर्विस, विनिर्माण और सर्विस सेक्टर जैसे कई क्षेत्रों में नौकरी के अवसर मिलेंगे। महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम और बिहार कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित महिलाओं को भी इस जॉब फेयर के माध्यम से बड़ी कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।


ऑन द स्पॉट जॉब मिलेगा

इस मेले की खास बात यह है कि इसमें शामिल होने वाली महिलाओं को सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने का मौका मिलेगा। कंपनियों के अधिकारी मौके पर ही उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेंगे और उनके कौशल, अनुभव और योग्यता के आधार पर चयन कर नौकरी का ऑफर भी देंगे।


सीमित सीटें, जल्द कराएं पंजीकरण

विभाग की ओर से बताया गया है कि जॉब फेयर में भाग लेने के लिए सीटें सीमित हैं। इसलिए इच्छुक महिला उम्मीदवारों को जल्द से जल्द महिला एवं बाल विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट wcdc.bihar.gov.in पर जाकर निशुल्क पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।


पात्रता और जरूरी दस्तावेज

इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए कुछ जरूरी पात्रताएं और दस्तावेज तय किए गए हैं। यह मेला सभी वर्गों की महिलाओं के लिए खुला है। लेकिन उनकी शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक (Graduate), तकनीकी डिग्री या आईटीआई (ITI) होनी चाहिए। जबकि आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीच होगी।


जरूरी दस्तावेज लेकर आएं

इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों को आधार कार्ड, बायोडाटा (Resume), शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।


महिलाओं के लिए रोजगार का बड़ा मंच

राज्य सरकार का कहना है कि इस तरह के रोजगार मेले का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। ज्ञान भवन में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय जॉब फेयर महिलाओं के लिए सीधे कंपनियों से जुड़ने और अपने कौशल के आधार पर नौकरी हासिल करने का बड़ा मंच साबित हो सकता है।