1st Bihar Published by: First Bihar Updated Thu, 26 Feb 2026 08:14:02 AM IST
- फ़ोटो
पटना में पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की तपिश अब चरम पर पहुंच चुकी है। चुनावी सरगर्मी के बीच हिंसा और मारपीट की घटनाएं सामने आने लगी हैं, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को बीएन कॉलेज में प्रचार से इनकार करने पर एक छात्र के साथ मारपीट की घटना ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। वहीं वीमेंस कॉलेज के पास भी एक ही गुट के छात्रों के बीच झड़प की खबर है।
घायल छात्र रामप्रकाश कुमार पूर्वी चंपारण का निवासी है और सत्र 2024-28 का स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसने पीरबहोर थाना में चार नामजद और अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। छात्र के अनुसार, वह रोज की तरह कॉलेज परिसर में मौजूद था, तभी प्रकाश कुमार, निरंजन, नंदन और हर्ष राज समेत 10-12 युवक उसके पास पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने छात्रसंघ चुनाव में महासचिव पद के एक प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने का दबाव बनाया।
रामप्रकाश ने जब प्रचार करने से इनकार किया तो आरोपितों ने रॉड और हॉकी स्टिक से उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। अन्य छात्रों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। बीएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि मारपीट करने वाले छात्र बाहरी थे। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान बीएन कॉलेज परिसर को अतिसंवेदनशील माना जाता है और बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।पीरबहोर थानाध्यक्ष सज्जाद गद्दी ने पुष्टि की कि पीड़ित के आवेदन पर चार नामजद आरोपितों और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इसी दिन वीमेंस कॉलेज के पास भी चुनावी प्रचार के दौरान एक ही गुट के छात्र आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि पार्टी से टिकट नहीं मिलने से नाराज उम्मीदवारों के समर्थकों ने प्रचार कर रहे दूसरे गुट से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही छात्र वहां से हट गए। इस घटना ने भी विश्वविद्यालय परिसर में असुरक्षा की भावना को बढ़ा दिया है।
गुरुवार को प्रेसिडेंशियल डिबेट
चुनावी माहौल के बीच गुरुवार को पटना विवि में प्रेसिडेंशियल डिबेट आयोजित होगी। यह कार्यक्रम पटना साइंस कॉलेज में दोपहर एक बजे होगा। इसके साथ ही छात्रसंघ चुनाव का प्रचार भी समाप्त हो जाएगा। यह निर्णय छात्रसंघ चुनाव समिति की अनुशंसा पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिया है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी बिरेंद्र पासवान ने बताया कि प्रेसिडेंशियल डिबेट में सेंट्रल पैनल के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भाग लेंगे। इस बार अध्यक्ष पद के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी प्रत्याशियों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
छात्रसंघ चुनाव समिति के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्रत्याशी को अपने विचार रखने के लिए पांच मिनट का समय दिया जाएगा। इसी अवधि में उन्हें छात्रों के सामने अपना एजेंडा प्रस्तुत करना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जिला प्रशासन से डिबेट और मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का अनुरोध किया है। 28 फरवरी को होने वाले मतदान में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को पूरे दिन की उपस्थिति प्रदान की जाएगी।
बुधवार को विभिन्न छात्र संगठनों ने प्रेसिडेंशियल डिबेट की मांग को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन भी किया था। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अब सभी की नजरें गुरुवार की डिबेट और आगामी मतदान पर टिकी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की चुनौती है कि चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाए।