Bihar Cyber Fraud: पटना में ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद 10वीं के एक छात्र ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रच दी. दोस्तों से उधार लिए गए 1.45 लाख रुपये गंवाने के बाद छात्र पर कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने लगा था. इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची और पिता को फोन कर दो लाख रुपये की फिरौती मांग ली. बेटे के अपहरण की बात सुनकर घबराए पिता ने उसके खाते में 75 हजार रुपये भी भेज दिए. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर छात्र को मुजफ्फरपुर के सराय टोल प्लाजा के पास एक बस से सुरक्षित बरामद कर लिया.
मामला पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र का है. छात्र मूल रूप से पूर्वी चंपारण के रक्सौल बॉर्डर इलाके का रहने वाला है और पटना में रहकर पढ़ाई करता है. उसके पिता व्यवसायी हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि छात्र ऑनलाइन गेम खेलने के लिए अपने दोस्तों से रुपये उधार लेता था. गेम में करीब 1.45 लाख रुपये हारने के बाद दोस्तों ने उससे पैसे वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था.
दोस्तों का कर्ज चुकाने के लिए बनाया अपहरण का प्लान
पुलिस के अनुसार, कर्ज चुकाने के दबाव के बीच छात्र ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी तैयार की. इसके बाद वह बुद्धा कॉलोनी स्थित अपने कमरे से निकला और गांधी मैदान बस स्टैंड पहुंचकर मुजफ्फरपुर जाने वाली बस में सवार हो गया.
रास्ते में छात्र ने अपने पिता को फोन किया और बताया कि चार-पांच लोग उसे स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर ले जा रहे हैं. उसने दावा किया कि कथित अपहरणकर्ता उसे छोड़ने के बदले दो लाख रुपये मांग रहे हैं. बेटे की बात सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और पिता ने उसके खाते में 75 हजार रुपये भेज दिए.
छात्र के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआत में छात्र के बताए अनुसार स्कॉर्पियो की तलाश की गई, लेकिन तकनीकी जांच के दौरान उसकी मोबाइल लोकेशन से गांधी मैदान बस स्टैंड का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस ने बसों की जांच शुरू की.
जांच के क्रम में पुलिस ने मुजफ्फरपुर के सराय टोल प्लाजा के पास एक बस से छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया. शुरुआती पूछताछ में ऑनलाइन गेम में रुपये हारने और दोस्तों का कर्ज चुकाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी रचने की बात सामने आई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. छात्र ने किन दोस्तों से रुपये उधार लिए थे और इस साजिश में उनकी क्या भूमिका थी, इन पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.




