1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 16, 2026, 2:02:22 PM
- फ़ोटो
NITISH KUMAR : बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar की ‘समृद्धि यात्रा’ के चौथे चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह यात्रा 17 मार्च से 20 मार्च 2026 तक राज्य के कई जिलों में आयोजित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे, नई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे तथा जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
इस संबंध में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने आदेश जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री की यह जिलावार ‘समृद्धि यात्रा’ चार दिनों तक चलेगी, जिसमें वे कुल आठ जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान जिले की प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया जाएगा और आम लोगों से सीधे संवाद भी किया जाएगा।
सरकारी आदेश के अनुसार 17 मार्च मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत भागलपुर जिले से करेंगे। यहां वे पूर्वाह्न में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद अपराह्न में मुख्यमंत्री बांका जिले का दौरा करेंगे, जहां कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने की संभावना है।
यात्रा के दूसरे दिन 18 मार्च बुधवार को मुख्यमंत्री जमुई और नवादा जिलों का दौरा करेंगे। सुबह के समय वे जमुई में विकास योजनाओं की स्थिति का जायजा लेंगे, जबकि दोपहर बाद नवादा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां भी मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे और जनता से संवाद करेंगे।
19 मार्च गुरुवार को मुख्यमंत्री मुंगेर और लखीसराय जिले का दौरा करेंगे। सुबह मुंगेर में विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद वे अपराह्न में लखीसराय पहुंचेंगे। यहां वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
समृद्धि यात्रा के चौथे चरण का अंतिम दिन 20 मार्च शुक्रवार होगा। इस दिन मुख्यमंत्री गया और औरंगाबाद जिलों में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पूर्वाह्न में गया जिले में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा, जबकि अपराह्न में औरंगाबाद जिले में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से भी संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
सरकार की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि समृद्धि यात्रा के दौरान ‘सात निश्चय’ से जुड़ी योजनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ भी किया जाएगा। साथ ही जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक और जन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने सभी जिलों के प्रभारी सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें। योजनाओं के स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव भी उपस्थित रहेंगे।
सरकार का मानना है कि समृद्धि यात्रा के माध्यम से विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा होगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया जा सकेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के सीधे संवाद से आम लोगों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का मौका मिलेगा।