Hindi News / bihar / patna-news / Bihar Politics : नीतीश कुमार MLC तो नितीन नवीन विधायक पद से आज...

Bihar Politics : नीतीश कुमार MLC तो नितीन नवीन विधायक पद से आज देंगे इस्तीफा, अब राज्यसभा के जरिए शुरू होगी नई सियासी सफ़र

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद से इस्तीफा देकर अब राज्यसभा की राह पकड़ रहे हैं। इसी बीच भाजपा नेता नितिन नवीन का इस्तीफा भी टल गया है, जिससे राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 30, 2026, 7:05:49 AM

Bihar Politics : नीतीश कुमार MLC तो नितीन नवीन विधायक पद से आज देंगे इस्तीफा, अब राज्यसभा के जरिए शुरू होगी नई सियासी सफ़र

- फ़ोटो

Bihar Politics : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने जा रहे हैं। वे वर्ष 2006 से लगातार विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य रहे हैं और हाल ही में 7 मई 2024 को लगातार चौथी बार इस सदन के लिए निर्वाचित हुए थे। उनका वर्तमान कार्यकाल 6 मई 2030 तक निर्धारित था, लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के चलते वे यह कदम उठा रहे हैं।


नीतीश कुमार 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इसके बाद उनके लिए विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना औपचारिक प्रक्रिया का हिस्सा बन गया है। मुख्यमंत्री अब पहली बार राज्यसभा के सदस्य बनने जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण कर सकते हैं।


नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा है। उन्होंने पहली बार 1985 में हरनौत विधानसभा सीट से विधायक बनकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई थी। इसके बाद 1989 में वे नौंवीं लोकसभा के लिए सांसद चुने गए। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने विधानसभा, लोकसभा, विधान परिषद और अब राज्यसभा—चारों सदनों में प्रतिनिधित्व करने का रिकॉर्ड बनाया है, जो उन्हें देश के अनुभवी नेताओं की श्रेणी में शामिल करता है।


इधर, मुख्यमंत्री आवास पर रविवार शाम को जनता दल (यूनाइटेड) के कई वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इन नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की।


वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन नवीन भी राजनीतिक कारणों से सुर्खियों में हैं। वे सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले हैं। नितिन नवीन 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं, जिसके बाद उनका विधानसभा से इस्तीफा देना आवश्यक हो गया है।


नितिन नवीन पहली बार वर्ष 2006 में बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे और उसके बाद से लगातार इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। उनके इस्तीफे को लेकर पहले ही सूचना जारी कर दी गई थी। विधानसभा सचिवालय की ओर से मीडिया को बताया गया था कि वे रविवार सुबह 8:40 बजे विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसको लेकर विधानसभा सचिवालय ने रविवार को भी विशेष रूप से कार्यालय खोला था।


हालांकि, अंतिम समय में स्थिति बदल गई। नितिन नवीन बिना इस्तीफा दिए ही असम में चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने जानकारी दी कि अपरिहार्य कारणों के चलते उनका इस्तीफा आज स्वीकार नहीं किया जा सका और इसे फिलहाल टाल दिया गया है।


इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा में जाना और विधान परिषद से इस्तीफा, तो दूसरी तरफ नितिन नवीन के इस्तीफे में देरी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में इन बदलावों का असर राज्य की राजनीतिक दिशा पर भी देखने को मिल सकता है।