Puja Pandal Fire Safety: दुर्गा पूजा के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर विशेष गाइडलाइन जारी की है। इस बार बिहार में करीब 20 हजार पूजा पंडाल बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 1,500 बड़े पंडाल शामिल हैं। अग्निशमन विभाग के अधिकारी शुक्रवार से इन पंडालों का निरीक्षण शुरू करेंगे।
निरीक्षण के दौरान पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। फायर डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि पटना में करीब 1,500 पूजा पंडालों का रजिस्ट्रेशन कराया गया है, जिनमें 100 बड़े स्तर के पंडाल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर से सभी जिलों को अग्नि सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी भी भेजी गई है।
पटना शहर में आगजनी से बचाव की तैयारियों के बारे में फायर डीआईजी ने बताया कि शहर को चार जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रणनीतिक स्थानों पर अग्निशमन की गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा, इस बार अलग से रेस्क्यू टीम बनाई गई है, जो केवल बचाव कार्य पर ध्यान देगी।
पंडालों के निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों की जांच की जाएगी। वहीं, जिलों से लगातार संपर्क और निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम बनाया गया है। जरूरत के अनुसार अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जा रहे हैं।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी डीएफओ के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। पूजा के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।





