BJP MLA Sushil Singh Accident: बिहार के मोकामा में बाहुबली विधायक अनंत सिंह से मुलाकात करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक सुशील सिंह के साथ लौटते वक्त बड़ा हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के चंदौली में उनके काफिले की तीन गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं।
घटना चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के पास नेशनल हाईवे-19 की है। बताया जा रहा है कि सुशील सिंह अपने समर्थकों के साथ अनंत सिंह से मुलाकात कर बिहार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की गाड़ियों को टक्कर मार दी।
सुशील सिंह के मुताबिक, उनके काफिले में करीब 15 गाड़ियां पीछे और पांच गाड़ियां आगे चल रही थीं। पीछे चल रही एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई, जबकि उनकी अपनी गाड़ी भी पलट गई। उन्होंने आरोप लगाया कि टक्कर मारने वाली गाड़ी ने पहले उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और फिर आगे चल रही गाड़ी में टक्कर मार दी।
इस घटना के बाद काफिले में अफरा-तफरी मच गई। विधायक सुशील सिंह ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए इसे पूर्व नियोजित साजिश होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बड़ा सवाल यह है कि अनंत सिंह से मुलाकात कर लौट रहे विधायक के काफिले के साथ हुआ यह हादसा महज दुर्घटना था या इसके पीछे कोई साजिश थी?





