Bihar News: बिहार के बांका जिले के पंजवारा में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. बस में उस समय करीब 35 से 40 यात्री सवार थे. आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, सभी यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस की बैटरी के पास अचानक चिंगारी निकलने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस से धुआं निकलता देख यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सभी अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने लगे. चालक ने भी बस से कूदकर अपनी जान बचाई.
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धूकर जलने लगी. यात्रियों को बाहर निकालने के बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते जलकर राख हो गई. बस के अंदर रखे यात्रियों के बैग, कपड़े और अन्य सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गए.
इस घटना में राहत की बात रही कि बस में सवार किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिए जाने से उनकी जान बच गई. हालांकि, बस के साथ यात्रियों का लाखों रुपये का सामान जलकर बर्बाद हो गया. अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.





