Bihar Road Accident: बिहार के सुपौल में रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने जमकर तबाही मचाई. सदर थाना गेट के ठीक सामने अनियंत्रित ट्रक ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित जूस की दुकान में जा घुसा. इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के मल्हनी पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी श्याम सुंदर कामत के 30 वर्षीय पुत्र सूर्यवंशी कुमार के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में घायल दो अन्य बाइक सवारों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात गुदरी बाजार की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक सदर थाना गेट के सामने पहुंचते ही बेकाबू हो गया. ट्रक ने पहले एक बाइक, दो कार और एक अन्य ट्रक को जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद सड़क किनारे स्थित जूस की दुकान में जा घुसा. इसी दौरान बाइक सवार सूर्यवंशी कुमार भी ट्रक की चपेट में आ गए.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक दुकान के पास ट्रक और कार के बीच फंस गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों और प्रभारी थानाध्यक्ष ने पुलिस बल की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो घायलों की हालत गंभीर
हादसे में घायल दो अन्य लोगों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, दुर्घटना में कुल कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई. हालांकि, इस दौरान करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा.
सूर्यवंशी कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, युवक की मौत के बाद मल्हनी पंचायत में मातम पसरा हुआ है. थाना गेट के ठीक सामने हुए इस भीषण हादसे की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.





