ब्रेकिंग
पटना से गयाजी सिर्फ 90 मिनट में! इस महीने शुरू हो सकती है 127 KM की फोरलेन सड़क, जानिए कहां बन रहा आखिरी फ्लाईओवर✦दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर घमासान, प्रशांत किशोर भी खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा ✦पटना पुलिस में बड़ा फेरबदल: 114 पदाधिकारियों का तबादला, SSP ने जारी किया आदेश✦बिहार में 8 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ, दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द कराने हाईकोर्ट जाएंगे तेजस्वी यादव✦खेत जोतने को लेकर छिड़ा खूनी संग्राम, दोनों तरफ से चले तलवार-फरसे; ट्रैक्टर फूंका, 4 घायल✦पटना से गयाजी सिर्फ 90 मिनट में! इस महीने शुरू हो सकती है 127 KM की फोरलेन सड़क, जानिए कहां बन रहा आखिरी फ्लाईओवर✦दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर घमासान, प्रशांत किशोर भी खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा ✦पटना पुलिस में बड़ा फेरबदल: 114 पदाधिकारियों का तबादला, SSP ने जारी किया आदेश✦बिहार में 8 नवनिर्वाचित MLC ने ली शपथ, दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द कराने हाईकोर्ट जाएंगे तेजस्वी यादव✦खेत जोतने को लेकर छिड़ा खूनी संग्राम, दोनों तरफ से चले तलवार-फरसे; ट्रैक्टर फूंका, 4 घायल

दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर घमासान, प्रशांत किशोर भी खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा

बिहार विधान परिषद में 8 नवनिर्वाचित MLC ने शपथ ली। दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता को लेकर प्रशांत किशोर और तेजस्वी यादव ने आपत्ति जताई है। दोनों नेताओं ने जरूरत पड़ने पर कोर्ट जाने की बात कही।

बिहार न्यूज
दो सदस्यों के खिलाफ कानूनी लड़ाई
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
4 मिनट

PATNA: बिहार विधान परिषद में आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।


शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंत्री रामकृपाल यादव को उठाकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लिए कुर्सी की व्यवस्था भी कराई। वहीं, समारोह के बाद दो निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में कानूनी लड़ाई जारी रखने की बात कही।


प्रशांत किशोर बोले- जरूरत पड़ी तो जाएंगे कोर्ट

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने दो निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने सबसे पहले सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई थी। इस संबंध में विधान परिषद के सभापति को पत्र लिखकर उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध भी किया गया था।


प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें पत्रकारों के माध्यम से जानकारी मिली है कि सभापति ने उनकी मांग को अस्वीकार कर दिया है। पार्टी इस मामले की समीक्षा करेगी और जो भी कानूनी रूप से उचित होगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जन सुराज कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगा।


उन्होंने कहा कि दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ लेना उनका अधिकार है, लेकिन उनकी सदस्यता को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शपथ लेने से सदस्यता से जुड़े विवाद खत्म नहीं हो जाते। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि इस मामले में जो भी कानूनी रास्ता उपलब्ध होगा, पार्टी उसका इस्तेमाल करेगी।


उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद सामने आने के बाद 24 घंटे के भीतर सरकार और बीजेपी से जुड़े लोगों के रुख में बदलाव देखने को मिला। उनके मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की भी समीक्षा की जानी चाहिए।


तेजस्वी बोले- सभापति के पास फिर जाएंगे, हाईकोर्ट में भी देंगे चुनौती

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर अपनी आपत्ति दोहराई। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की आपत्ति पहले भी थी और आज भी कायम है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले में पार्टी के नेता और वकील बातचीत कर रहे हैं। जल्द ही वे वकीलों के साथ विधान परिषद के सभापति के पास दोबारा शिकायत लेकर जाएंगे। इसके बाद पटना हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की सदस्यता रद्द कराने के लिए पार्टी कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। तेजस्वी ने शपथ लेने वाले सभी नए विधान पार्षदों को शुभकामनाएं दीं, लेकिन स्पष्ट किया कि दो सदस्यों की सदस्यता को लेकर उनकी पार्टी का विरोध जारी रहेगा।


इस तरह आठ नए विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार की सियासत में दो निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता का विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब इस मामले में जन सुराज और आरजेडी की अगली कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।