Bihar Crime News: बिहार के सारण जिले में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. तरैया थाना क्षेत्र के लौवा गांव में खेत की जुताई करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इस दौरान एक पक्ष के लोगों पर तलवार, फरसा और लाठी से हमला करने का आरोप है. घटना में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक ट्रैक्टर को भी आग के हवाले कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, लौवा गांव में दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी बीच खेत की जुताई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. एक पक्ष के लोगों ने खेत की जुताई करने से रोक दिया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी.
तलवार-फरसा से हमले में चार लोग घायल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार, फरसा और लाठी से हमला कर दिया. इस दौरान शैलेन्द्र सिंह, विवेक सिंह, विक्रांत सिंह और सौरव सिंह घायल हो गए. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.
मारपीट के दौरान ही एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई. अचानक हुई इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के बीच तनाव का माहौल बन गया. जमीन विवाद को लेकर हुई इस हिंसक घटना से गांव के लोगों में भी चिंता बनी हुई है.
पांच नामजद समेत 25 अज्ञात पर आरोप
मामले में पीड़ित पक्ष ने उमेश सिंह, मंटू सिंह, मदन सिंह, मनीष सिंह और सोनू सिंह समेत करीब 25 अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है. शिकायत में कहा गया है कि आरोपितों ने तलवार, फरसा और लाठी से मारपीट की और ट्रैक्टर में आग लगा दी.
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.





