दुर्गावती (कैमूर) : शादी समारोह में शामिल होने की खुशी लेकर घर से निकले चाचा-भतीजे को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। घर में शादी की खुशियां थीं, बारात में शामिल होकर दोनों ने साथ खाना खाया और फिर बाइक से अपने गांव लौटने निकल पड़े। लेकिन रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी जिंदगी छीन ली। दिल्ली-कोलकाता सिक्सलेन पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में चाचा और भतीजे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
यह दर्दनाक हादसा बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में कर्मनाशा पावर ग्रिड सब स्टेशन के पास हुआ। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवां गांव निवासी अभिमन्यु कुमार सिंह (27) और प्रिंस कुमार सिंह (17) के रूप में हुई है। अभिमन्यु विजय बहादुर सिंह के पुत्र थे, जबकि प्रिंस हनुमान सिंह के पुत्र थे। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा थे।
शादी में शामिल होने आए थे कैमूर, रात में लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जमानियां क्षेत्र के बरुईं निवासी मुन्ना सिंह के बेटे की शादी शनिवार की रात कैमूर जिले के दुर्गावती स्थित आनंद लोक होटल में आयोजित की गई थी। इस शादी में शामिल होने के लिए रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआ गांव से बारात आई थी। अभिमन्यु और प्रिंस भी उत्तर प्रदेश से बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में पहुंचे थे।
दोनों ने शादी समारोह में हिस्सा लिया। रिश्तेदारों और परिचितों के बीच समय बिताया और खाना खाने के बाद अपने गांव लौटने की तैयारी की। रात में दोनों एक ही बाइक से घोसवां गांव के लिए रवाना हो गए। उन्हें क्या पता था कि कुछ ही दूरी का यह सफर उनके परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द छोड़ जाएगा।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक दिल्ली-कोलकाता सिक्सलेन पर कर्मनाशा पावर ग्रिड सब स्टेशन के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सड़क पर तड़पता रहा अभिमन्यु, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे में 17 वर्षीय प्रिंस कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 27 वर्षीय अभिमन्यु कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह सड़क पर तड़प रहे थे। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए गंभीर रूप से घायल अभिमन्यु को अपने वाहन से दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन और पुलिस उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल से आगे ले जाने से पहले ही अभिमन्यु ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही देर के अंतराल में चाचा और भतीजे दोनों की मौत हो गई।
एक साथ उठीं दो अर्थियां, परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदार भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। जिस परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक दो युवकों की मौत की खबर से मातम पसर गया।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया। उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर सिक्सलेन पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। शादी समारोह से घर लौट रहे दो युवकों की मौत ने दो परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। जिस रात परिवार को उनके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार था, उसी रात दो घरों में मातम छा गया।





