Bihar News: मद्य निषेध विभाग के नवनियुक्त सिपाहियों ने पारण परेड के बाद विभागीय अफसरों को सैल्यूट नहीं, बल्कि वर्दी में ही पैर छुए. कार्यक्रम स्थल पर महिला-पुरूष सिपाहियों का वर्दी में मद्य निषेध उपायुक्त के पैर छूते तस्वीर सामने आई है. इसके बाद चर्चा शुरू हो गई है,क्या कोई अफसर, वर्दीधारियों से सार्वजनकि स्थल पर चरण स्पर्श करा सकता है? ऐसे में मद्य निषेध उपायुक्त भी सवालों के घेरे में आ गए हैं.
नाथनगर में पारण परेड का हुआ आयोजन, मद्य निषेध उपायुक्त हुए थे शामिल
बता दें, भागलपुर के नाथनगर सीटीसी में नवनियुक्त मद्य निषेध विभाग के सिपाहियों की ट्रेनिंग चल रही थी. प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद 22 नवंबर को पारण परेड का आयोजन किया गया. जिसमें भागलपुर जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। जानकारी के अनुसार, सचिवालय स्तर से मद्य निषेध विभाग के उपायुक्त सुरेन्द्र प्रसाद भी पारण परेड में शामिल हुए। परेड के समापन के बाद मद्य निषेध विभाग के उपायुक्त की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वो नव नियुक्त सिपाहियों से चरण स्पर्श करवा रहे हैं. जिसमें महिला और पुरूष सिपाही दिख रहे हैं. मद्य निषेध उपायुक्त का चरण वंदना कराते तस्वीर आने के बाद कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं.
पारण परेड की तस्वीर सामने आने पर उठने लगे सवाल
अफसर के नाते सैल्यूट देकर सम्मान किया जा सकता था, फिर सिपाहियों ने वर्दी में सीनियर के पैर क्यों छुए? क्या मद्य निषेध विभाग के नव नियुक्त सिपाही विभागीय उपायुक्त के रिश्तेदार थे? अगर संबधी थे तो उपायुक्त के कितने रिश्तेदार एक बैच में नियुक्त हुए ? अगर रिश्तेदार भी थे तो अफसर पारण परेड स्थल पर वर्दीधारियों से चरण स्पर्श करा सकते हैं ?
समारोह में भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षु सिपाहियों के अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान SSP ने सिपाहियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और समाज को नशामुक्त बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को ड्रिल, परेड, शस्त्र संचालन, दंगा नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और मद्यनिषेध कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों और उत्कृष्ट योगदान देने वाले अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।





