PATNA:महापर्व छठ के दौरान चोरी की घटनाएं बढ़ जाती है, लोग व्रत को मनाने अपने गांव जाते हैं, और इधर चोर बंद घर को निशाना बनाता है। लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर देता है। ऐसा ही एक नहीं बल्कि दो मामला पटना के गर्दनीबाग इलाके में सामने आया है। जहां चोरों ने एक रिटायर्ड टीचर के घर में घुसकर 70 लाख रुपये की चोरी कर ली है, वही उनके घर के सामने एक बिजनेसमैन के 5 फ्लैट को निशाना बनाया है।
बिजनेसमैन के घर में क्या-क्या चोरी हुई है, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस पता लगाने में लगी है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस चोरी के दोनों मामले की जांच कर रही है। घर और इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगालने में गर्दनीबाग थाना पुलिस लगी है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी पुलिस को किसी तरह की कामयाबी हासिल नहीं हो पायी है।
घटना पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अलकापुरी की है। जहां चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अलकापुरी की है। पहली घटना में रिटायर्ड शिक्षक के घर से करीब 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, नकदी और विदेशी मुद्रा चोरी कर ली गई। इसके बाद चोरों ने सामने स्थित एक कारोबारी के मकान को भी निशाना बनाया और वहां पांच फ्लैटों के ताले तोड़कर सामान खंगाल डाला। दोनों मकानों में चोरी की वारदात उस वक्त हुई, जब परिवार छठ पूजा मनाने के लिए घर से बाहर गया हुआ था।
मिली जानकारी के मुताबिक, पहली घटना रोड नंबर-10, रिलायंस टावर स्ट्रीट स्थित रिटायर्ड शिक्षक जवाहर झा के मकान में हुई। छठ पूजा के दौरान जवाहर झा अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी बीच 14 नवंबर को पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद 15 नवंबर को उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जब परिवार घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब थे।
रिटायर्ड शिक्षक जवाहर झा ने बताया कि उनके घर में घुसकर चोरों ने करीब 500 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी, डेढ़ लाख रुपये नकद और उनके बेटे-बेटी की विदेशी मुद्रा समेत कई कीमती सामान चुरा लिया और मौके से फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध चोरों की तस्वीरें कैद हो गयी है। जिसे पुलिस को सौंपा गया है। उन तस्वीरों के आधार पर पुलिस इलाके में छापेमारी कर रही है। हालांकि चोरों को पकड़ने में अभी कामयाबी पुलिस को नहीं मिल पाई है।
रिटायर्ड शिक्षक के घर के साथ-साथ उनके सामने स्थित कारोबारी अमित कुमार सिंह के दो मंजिला मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। इस मकान में कुल पांच फ्लैट हैं। चोरों ने सभी फ्लैटों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे सामान को खंगाल डाला। इनमें चार फ्लैट किराएदारों के बताए जा रहे हैं। फिलहाल यहां से चोरी हुए सामान और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एक इलाके में दो घरों में भीषण चोरी की घटना से लोग काफी दहशत में हैं, और पुलिस से गश्ती बढ़ाने और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही गर्दनीबाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस दोनों चोरी की घटनाओं की जांच में जुटी है। छठ पूजा के दौरान परिवारों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





