PATNA: राजधानी पटना में छठ पूजा की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। छठ का प्रसाद बनाते समय गैस लीक होने से एक घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें घर के दूसरे कमरों तक पहुंच गईं।
अगलगी की इस घटना में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और दो पुरुषों समेत कुल 8 लोग झुलस गए। घायलों में महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिवार छठ पूजा पूरी नहीं कर सका और सुबह का अर्घ्य भी नहीं दिया। सुबह में अर्घ्य से पहले ही घर में चीख पुकार मच गयी। घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र के खैराटाली गांव की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात घर में छठ पूजा के प्रसाद की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गैस लीक होने से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के दूसरे कमरे भी इसकी चपेट में आ गए। घर में रखे कपड़े और एक फ्रिज जलकर राख हो गए।
अगलगी की घटना में झुलसकर घायल हुए लोगों की पहचान रूबी देवी (43), रेशमी देवी (40), सीमा देवी (35), सूरज कुमार केसरी (38), मनीष केसरी (32), एक साल की गुड़िया रानी और 8 एवं 10 साल के दो बच्चे झुलस गए। घायलों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर परसा बाजार थाने की पुलिस भी रात करीब 12 बजे घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
परिवार के सदस्य विमल कुमार के मुताबिक, उनकी मां रीता देवी और बहन सोनी देवी छठ व्रत कर रही थीं। लेकिन हादसे में परिवार के कई सदस्यों के झुलसने और अस्पताल में भर्ती होने के कारण पूजा पूरी नहीं हो सकी।
वहीं, परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि गैस लीक होने के कारण घर में आग लगी थी। हादसे में आठ लोग झुलसे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।





