Patna Crime News: पटना में कम कमाई के चलते फर्नीचर की दुकान में काम करने वाला एक कारीगर बाइक चोरी के धंधे में उतर गया. आलमगंज थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में सुल्तानगंज के दरगाह कर्बला निवासी इरफान हुसैन और तौहिर उर्फ आर्या को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, तौहिर ने अपने दोस्त इरफान के कहने पर बाइक चोरी करना शुरू किया था.
पुलिस के मुताबिक, तौहिर ने पूछताछ में बताया कि उसने बचपन से पढ़ाई नहीं की और पिछले करीब तीन वर्षों से अजीमाबाद कॉलोनी स्थित बहादुर फर्नीचर की दुकान में काम कर रहा था. इसी दौरान उसकी दोस्ती इरफान से हुई. आरोप है कि इरफान ने उसे बाइक चोरी करने का तरीका बताया, जिसके बाद तौहिर भी इस काम में शामिल हो गया.
तौहिर ने पुलिस को बताया कि फर्नीचर की दुकान पर काम करने से उसे ज्यादा पैसे नहीं मिलते थे. इसी वजह से उसने इरफान के कहने पर बाइक चोरी करने का फैसला किया. इसके बाद दोनों ने मिलकर बाइक चोरी की योजना बनाई.
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को तौहिर और उसके साथियों की नजर कुम्हरार दुर्गा मंदिर के पास खड़ी काली रंग की यामाहा बाइक पर पड़ी. आरोप है कि इसके बाद बाइक चोरी करने की योजना बनाई गई. मोहम्मद शमशाद ने कथित तौर पर मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोला और बाइक लेकर फरार हो गए.
अगले दिन चोरी की बाइक से घूम रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, अगले दिन आरोपी उसी चोरी की बाइक से घूम रहे थे. इसी दौरान बिस्कोमान गोलंबर के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी. पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई.
घटना के बाद पुलिस ने तौहिर और उसके साथी मोहम्मद इसरायल को पकड़ लिया, जबकि शमशाद मौके से फरार हो गया. पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर ली है.
मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं फरार आरोपी मोहम्मद शमशाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले कितनी बाइक चोरी की हैं और चोरी की गई अन्य बाइक कहां खपाई गईं.




