1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 13, 2026, 4:57:44 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां पति से मोबाइल फोन पर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय जुबेदा खातून के रूप में हुई है, जो दुबवलिया गांव निवासी सरफुद्दीन आलम की पत्नी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम जुबेदा खातून अपने घर में थी। उसी समय उसकी अपने पति सरफुद्दीन आलम से मोबाइल फोन पर बात हो रही थी। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि बात इतनी बढ़ गई कि फोन पर गाली-गलौज भी होने लगी। इस बात से जुबेदा काफी परेशान और आहत हो गई।
विवाद के कुछ देर बाद ही उसने घर के एक कमरे में जाकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब आसपास के लोगों को इस घटना की जानकारी हुई तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही योगापट्टी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घर के कमरे में पंखे से लटके हुए जुबेदा खातून के शव को नीचे उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को कमरे में बेड के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि पुलिस ने अभी तक उस सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा नहीं किया है।
योगापट्टी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय एके ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। अगर मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दी जाती है तो उसके आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद मृतका के ससुराल के लोग घर छोड़कर कहीं चले गए। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर खुला हुआ था, लेकिन परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। ऐसी स्थिति में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घर को सुरक्षा के लिहाज से सील कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतका का पति सरफुद्दीन आलम केरल में रहकर सिलाई का काम करता है। वह अक्सर फोन के माध्यम से अपनी पत्नी से बात करता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
गांव में यह भी चर्चा है कि बातचीत के दौरान पति ने किसी दूसरी महिला की तस्वीर भी दिखाई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया था। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने इस घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जुबेदा खातून के नाना मोहम्मद सकुर मियां ने बताया कि करीब दस साल पहले उसकी शादी सरफुद्दीन आलम से हुई थी। शादी के शुरुआती दो साल तक सब कुछ ठीक था, लेकिन उसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।