MUNGER: बिहार के मुंगेर जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के पास हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर तारापुर के ओम ज्वेलर्स के एक कर्मी से करीब 6 किलो चांदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तारापुर स्थित ओम ज्वेलर्स का एक कर्मी प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी चांदी लेकर विभिन्न क्षेत्रों की आभूषण दुकानों में आपूर्ति करने निकला था। उसे संग्रामपुर, बेलहर और साहेबगंज समेत आसपास के इलाकों में चांदी पहुंचानी थी।
इसी दौरान जब वह संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के पास पहुंचा, तभी हथियारबंद बदमाशों ने उसे रोक लिया। अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर उसे डराया और उसके पास मौजूद करीब 6 किलो चांदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित कर्मी ने संग्रामपुर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पीड़ित कर्मी के साथ पुलिस अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
फिलहाल, पुलिस बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





