VAISHALI: बिहार के वैशाली में पुलिस की गाड़ी के साथ रील बनाने का मामला सामने आया है। महनार थाना क्षेत्र के इशाकपुर गांव के रहने वाले रवि कुमार के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
इन वीडियो में युवक पुलिस की गाड़ी के साथ अलग-अलग गानों पर रील बनाता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी वाहन के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले में महनार के SDPO प्रवीण कुमार ने कार्रवाई की बात कही है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने पुलिस अधिकारी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवक अलग-अलग गानों पर रील बनाता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में वह ‘टूटत दिलवा टूट गेलऊ, सोचल मोर सपनमां गे’ गाने पर रील बनाते दिख रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में ‘हमर नेता विधायक से पहचान है, तुमसे ज्यादा मेरा भाई बलवान है’ जैसे गाने का इस्तेमाल किया गया है।
बताया जा रहा है कि युवक महनार थाना क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी चलाता है। हालांकि, सरकारी वाहन के इस्तेमाल से जुड़े पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि और जांच का विवरण सामने आना बाकी है। वीडियो वायरल होने के बाद महनार SDPO प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, वीडियो सामने आने के बाद युवक ने पुलिस अधिकारी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर नजर बनी हुई है।
वैशाली से मुन्ना खान की रिपोर्ट





