ब्रेकिंग
पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में 35 साल बाद बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के बेटे समेत दो दोषी करार✦RCD के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता के बैंक लॉकर में मिला एक किलो से अधिक सोना, विजिलेंस ने एक CO के लॉकर को भी खंगाला✦बेटी की शादी के बाद मीडिया के सामने आए अनंत सिंह, सरेंडर से लेकर अगला प्लान तक बताया; नीतीश कुमार को लेकर कही अहम बात✦मिड डे मील योजना में बड़ा बदलाव: इस दिन से बंद होंगी आउटसोर्सिंग एजेंसियों की सेवाएं, हजारों कर्मियों पर सीधा असर✦EOU का बड़ा प्रहार, भगत यादव अपनी ब्लॉक प्रमुख पत्नी के साथ गिरफ्तार, 76 लाख कैश ,जमीन के 106 डीड बरामद...✦पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में 35 साल बाद बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के बेटे समेत दो दोषी करार✦RCD के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता के बैंक लॉकर में मिला एक किलो से अधिक सोना, विजिलेंस ने एक CO के लॉकर को भी खंगाला✦बेटी की शादी के बाद मीडिया के सामने आए अनंत सिंह, सरेंडर से लेकर अगला प्लान तक बताया; नीतीश कुमार को लेकर कही अहम बात✦मिड डे मील योजना में बड़ा बदलाव: इस दिन से बंद होंगी आउटसोर्सिंग एजेंसियों की सेवाएं, हजारों कर्मियों पर सीधा असर✦EOU का बड़ा प्रहार, भगत यादव अपनी ब्लॉक प्रमुख पत्नी के साथ गिरफ्तार, 76 लाख कैश ,जमीन के 106 डीड बरामद...

नालंदा में 500 रुपये मजदूरी मांगने पर हलवाई ने दी खौफनाक सजा, हेल्पर को खौलते तेल में फेंकने का आरोप, 8 दिन बाद मौत

बिहार के नालंदा में 500 रुपये की मजदूरी मांगने पर 30 वर्षीय कम्बु चौहान की पिटाई कर खौलते तेल में फेंकने का आरोप है। आठ दिन तक इलाज के बाद युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिहार न्यूज
जांच में जुटी पुलिस
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
3 मिनट

NALANDA: बिहार के नालंदा जिले से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां महज 500 रुपये की मजदूरी मांगने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंकने का आरोप हलवाई पर लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने 8 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।


मृतक की पहचान दरुआरा बेलदारी गांव निवासी 30 वर्षीय कम्बु चौहान के रूप में हुई है। घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के बथानी गांव की है।


500 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद

मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान के मुताबिक, 4 अक्टूबर को बथानी गांव निवासी रघु गोप के पिता का ब्रह्मभोज था। आरोप है कि हलवाई दिलीप कुमार और उसका भतीजा राजा कुमार मिठाई बनाने के काम के लिए कम्बु चौहान को अपने साथ ले गए थे। काम के बदले उसे 500 रुपये मजदूरी देने की बात कही गई थी।


परिजनों का आरोप है कि काम पूरा होने के बाद जब कम्बु ने अपनी मजदूरी मांगी, तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दिलीप कुमार और राजा कुमार ने कथित तौर पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके दांत भी टूट गए। इसके बाद उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।


मृतक के भाई सूबे चौहान के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान कम्बु ने उनसे कहा था, "भइया, मुझे मारा गया है।" इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।


कई अस्पतालों में चला इलाज

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल कम्बु चौहान को नूरसराय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसे विम्स, पावापुरी और फिर पटना ले जाया गया।


पटना में डॉक्टरों द्वारा जवाब दिए जाने के बाद परिजन उसे वापस बिहारशरीफ लेकर आए और एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। आठ दिनों तक चले इलाज के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।


पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

युवक की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


फिलहाल, इस घटना ने मजदूरी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत का गंभीर मामला सामने ला दिया है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।