Bihar Police News: मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस प्रशासन ने बड़ा फेरबदल किया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पीयर थाना और कच्ची-पक्की ओपी में नए थानाध्यक्षों की नियुक्ति की है। जारी पदस्थापन आदेश के अनुसार, विक्की कुमार को पीयर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि जिला आसूचना इकाई में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार सिंह को कच्ची-पक्की ओपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दरअसल, पीयर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार के खिलाफ कांडों के निष्पादन और लंबित मामलों में कमी लाने को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-02 की ओर से इस संबंध में प्रतिवेदन सौंपा गया था। इसके बाद उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई।
वहीं, कच्ची-पक्की ओपी के कामकाज और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान तत्कालीन ओपी अध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी पुष्पा का कार्य निष्पादन संतोषजनक नहीं पाया गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए और पुलिस उपमहानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र के अनुमोदन के बाद कुंदन कुमार और कुमारी पुष्पा को उनके वर्तमान पदस्थापन से मुक्त कर पुलिस केंद्र, मुजफ्फरपुर वापस बुला लिया गया।
दोनों अधिकारियों को हटाए जाने के बाद पीयर थाना और कच्ची-पक्की ओपी में पद रिक्त हो गए थे। अब इन पदों पर विक्की कुमार और नीरज कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। नए अधिकारियों की तैनाती से दोनों थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत होने और अपराध नियंत्रण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।




