1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 30, 2026, 11:13:07 AM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान दो पूजा समितियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बेकापुर किराना पट्टी इलाके में रविवार की रात घटी, जब दुर्गा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान गार्डन बाजार फुलवारी और बेकापुर किराना पट्टी स्थित बसंती दुर्गा पूजा समितियों के बीच प्रतिमा के मार्ग को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि पहले से ही दोनों पक्षों के बीच इस रास्ते को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके कारण माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब एक समिति अपनी प्रतिमा लेकर तय मार्ग से गुजर रही थी, तभी दूसरी समिति के लोग वहां पहुंच गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ईंट, लाठी और यहां तक कि भाले का भी इस्तेमाल किया गया।
इस हिंसक झड़प में बेकापुर किराना पट्टी निवासी विकास कुमार, सौरभ कुमार और गौरव कुमार घायल हो गए। तीनों को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घायलों ने बताया कि वे लोग महाआरती में व्यस्त थे, तभी दूसरी पूजा समिति के लोग अपनी प्रतिमा लेकर वहां पहुंच गए, जबकि पहले उस रास्ते से नहीं आने की बात कही गई थी। इसी को लेकर विवाद हुआ और अचानक मारपीट शुरू हो गई।
घायल पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि झड़प के दौरान कुछ लोगों ने दुर्गा प्रतिमा पर चढ़े जेवर छीनने की कोशिश की। हालांकि समिति के सदस्यों ने सतर्कता दिखाते हुए किसी तरह जेवर को सुरक्षित बचा लिया। इस आरोप के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से धार्मिक आयोजनों की पवित्रता प्रभावित होती है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है। कई लोग इस घटना को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठा रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।