Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर में बाढ़ और बारिश के बीच सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। बरियारपुर ओवरब्रिज से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिसकी चपेट में मक्का लदा एक विशाल ट्रक आ गया। सड़क धंसते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते पूरा वाहन बाढ़ के पानी में जा गिरा। हादसे के दौरान चालक और उपचालक ने किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
बताया जा रहा है कि ट्रक पूर्णिया से मक्का लेकर बरियारपुर-खड़गपुर के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहा था। बरियारपुर ओवरब्रिज से नीचे उतरने के बाद ट्रक कुछ दूर ही आगे बढ़ा था कि सड़क किनारे का हिस्सा अचानक धंस गया।
चालक के मुताबिक, सड़क की हालत पहले से ही खराब थी। बाढ़ प्रभावित लोगों ने सड़क के किनारे अस्थायी आशियाने भी बना रखे थे। उन्हें बचाने के लिए ट्रक को थोड़ा किनारे करना पड़ा। इसी दौरान सड़क का कमजोर हिस्सा अचानक धंस गया और ट्रक नीचे बाढ़ के पानी में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ उसमें लदा मक्का भी पानी में समा गया।
ट्रक चालक शमशुद्दीन अंसारी और उपचालक रियाजुद्दीन अंसारी ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों किसी तरह पानी से बाहर निकले। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बरियारपुर क्षेत्र में बाढ़ और लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति पहले से ही खराब बताई जा रही है। सड़क धंसने की इस घटना के बाद इलाके में आवागमन को लेकर चिंता बढ़ गई है। बाढ़ के कारण कमजोर हुई सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह की घटनाएं प्रशासन के लिए भी चुनौती बन रही हैं। स्थानीय लोगों की नजर अब सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान, मुंगेर





