Motihari CBI Raid: मोतिहारी में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार को CBI की टीम ने चंपारण प्रमंडल के डाक अधीक्षक एसएस सुमन को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि डाक अधीक्षक अपने ही विभाग के एक कर्मचारी से रिश्वत की रकम ले रहे थे. इसी दौरान पहले से जाल बिछाकर बैठी CBI की टीम ने उनके कार्यालय में छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया.
इस कार्रवाई के बाद डाक अधीक्षक कार्यालय में हड़कंप मच गया. अचानक पहुंची CBI की टीम ने कार्यालय में जांच शुरू की और रिश्वत लेने के आरोप में एसएस सुमन को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि विभाग के ही एक कर्मी से किसी काम के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद CBI ने पूरे मामले की जांच की और बुधवार को कार्रवाई की.
अपने ही विभाग के कर्मचारी से मांग रहे थे रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, डाक अधीक्षक एसएस सुमन पर अपने ही विभाग के कर्मचारी से 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप है. कर्मचारी की शिकायत के आधार पर CBI ने कार्रवाई की योजना बनाई थी. बुधवार को जैसे ही रिश्वत की रकम लेने का मामला सामने आया, टीम ने कार्यालय में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
CBI की कार्रवाई से डाक विभाग में मचा हड़कंप
चंपारण प्रमंडल के डाक अधीक्षक की गिरफ्तारी के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. CBI की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी डाक अधीक्षक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





