Bihar Liquor Smuggling News: पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर प्रखंड के दो युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हो गए. दोनों युवक हरियाणा से शराब लेकर बिहार आ रहे थे, लेकिन बिहार पहुंचने से पहले ही उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम के हत्थे चढ़ गए. गिरफ्तार दोनों युवक आपस में चचेरे भाई हैं. इनमें से एक की मां वर्तमान में पंचायत की सरपंच हैं, जबकि इनके दादा भी लगातार चार बार पंचायत के सरपंच रह चुके हैं.
मामला छह सितंबर का है. अलीगढ़ जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पार्सल यार्ड के पास दो युवक काले और नीले रंग के पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध स्थिति में बैठे थे. आरपीएफ और जीआरपी की टीम को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलें बरामद हुईं.
दोनों बैग से मिली 20 बोतल शराब
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के बैग से सिग्नैचर प्रीमियम व्हिस्की की कुल 20 बोतलें बरामद हुईं. दोनों के बैग से 10-10 बोतल शराब मिली. पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि वे हरियाणा से शराब लेकर बिहार जा रहे थे. इसी दौरान अलीगढ़ जंक्शन पर उन्हें पकड़ लिया गया.
आरपीएफ उपनिरीक्षक विवेक कुमार और जीआरपी के एएसआई सुधीर कुमार ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी. गिरफ्तार युवकों की पहचान पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित उतरी भवानीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी राम अयोध्या साह के पुत्र अंकित कुमार उर्फ पिंटू और रामानंद प्रसाद के पुत्र रौशन कुमार उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है. अंकित की उम्र 29 वर्ष और रौशन की उम्र 28 वर्ष बताई गई है.
दोनों चचेरे भाई, एक मोतिहारी तो दूसरा पटना में करता था तैयारी
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक आपस में चचेरे भाई हैं. बताया गया कि दोनों पढ़ाई के लिए मोतिहारी और पटना में रहते थे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान दोनों के शराब तस्करी से जुड़े होने की बात सामने आई है.
मामले की जानकारी जब स्थानीय स्तर पर जुटाई गई तो यह भी सामने आया कि गिरफ्तार युवकों में से एक की मां वर्तमान में उतरी भवानीपुर पंचायत की सरपंच हैं. वहीं, दोनों के दादा भी पंचायत के सरपंच रह चुके हैं और लगातार चार बार सरपंच रहने की बात सामने आई है.
दोनों युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरियाणा से शराब मंगाने और बिहार में इसकी आपूर्ति करने के पीछे कौन लोग हैं. पुलिस यह भी पता कर रही है कि दोनों युवक कितने समय से इस धंधे से जुड़े थे और इनके संपर्क में दूसरे राज्यों के कौन-कौन से तस्कर हैं.
स्थानीय पुलिस भी दोनों युवकों का आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं.
जिस वार्ड से दोनों युवक, उसी इलाके में पहले गांजा बरामदगी
गिरफ्तार दोनों युवक उतरी भवानीपुर पंचायत के जिस वार्ड के रहने वाले हैं, वहां करीब दो वर्ष पहले भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया था. उस मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
अब दो युवकों की शराब के साथ दूसरे राज्य में गिरफ्तारी के बाद स्थानीय स्तर पर भी नशे के कारोबार को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार युवकों का संपर्क शराब तस्करी के अलावा किसी अन्य नशे के कारोबार से जुड़े लोगों से तो नहीं है.
फिलहाल अलीगढ़ में गिरफ्तार दोनों युवकों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है. पुलिस उनके मोबाइल फोन, संपर्कों और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हरियाणा से लाई गई शराब की सप्लाई बिहार में कहां और किन लोगों तक की जानी थी.




