MADHUBANI: मधुबनी में आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से अवैध रूप से काम कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लौकहा, लौकही और राजनगर थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान नौ नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू किया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रशेखर राम, रामनारायण कुमार और अखिलेश कुमार राम के रूप में हुई है। तीनों लौकहा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के कैटोला चौक स्थित एक मकान से छह बालिकाओं को मुक्त कराया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस, महिला थाना, चाइल्डलाइन और मिशन मुक्ति फाउंडेशन की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, रेस्क्यू की गई सभी बालिकाओं को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





