Bihar News: मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित गीता नारायण अस्पताल में बुधवार को ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। मरीज की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को जिम्मेदार ठहराया।
जानकारी के अनुसार, मृतक बरहरा कोठी का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, मरीज को हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान मरीज का पेट चीर दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए। हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, उदाकिशुनगंज एसडीएम पंकज घोष भी घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाइड्रोसील के सामान्य ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई? तमाम सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर भी नजरें टिकी हैं।
रिपोर्ट- अमन आनंद, मधेपुरा





