KHAGARIA: खगड़िया में कारोबारी पिता-पुत्र गोलीकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद में दोनों को गोली मारने के लिए 6 लाख रुपये में सुपारी दी गई थी। पुलिस ने मामले में दो शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में घटना की साजिश रचने वाली महिला भी शामिल है।
दरअसल, बीते 3 नवंबर को खगड़िया के नगर थाना क्षेत्र स्थित SDO रोड में कारोबारी सज्जन खेतान और उनके बेटे कन्हैया खेतान को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
अब पुलिस ने इस गोलीकांड का खुलासा करते हुए बताया कि जमीन विवाद में दोनों को गोली मारने की साजिश रची गई थी। इसके लिए शूटरों को 6 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। सुपारी किलर को एक लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
सदर SDPO-1 रमेश कुमार के मुताबिक, गोलीकांड की साजिश एक महिला ने रची थी। इस वारदात में कुल सात लोग शामिल थे, जिनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो शूटर और एक महिला साजिशकर्ता भी शामिल है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
खगड़िया से अनिश कुमार की रिपोर्ट





