KATIHAR: बिहार में शराबबंदी कानून के प्रभावी रूप से क्रियान्वयन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर आजमनगर थाना परिसर के पास हाथ में शराब की बोतल लिए घूमता दिखाई दे रहा है। जिससे पूर्ण शराबबंदी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग सम्राट सरकार से यह पूछ रहे हैं कि क्या यही शराबबंदी है?
स्थानीय लोगों का दावा है कि यह वीडियो थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में युवक के हाथ में रॉयल स्टैग (RS) ब्रांड की शराब की बोतल दिखाई दे रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता और शराबबंदी कानून पर लोग सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि थाना क्षेत्र के आसपास इस तरह की गतिविधियां दिखाई देती हैं, तो पूरे इलाके में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन और स्थानीय निगरानी व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर सकता है।





