JAMUI: जमुई के खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव में एक प्रेम-प्रसंग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जाता है कि पूर्णिया निवासी पांच बच्चों की मां 45 वर्षीया बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन को रॉन्ग नंबर कॉल के जरिए जमुई के 19 साल के युवक महावीर ठाकुर से बातचीत शुरू हुई। जिसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया।
19 वर्षीय महावीर ठाकुर खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव का रहने वाला है। वहीं महिला बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन पूर्णिया जिले की निवासी बताई जा रही है। दोनों ने परिवार की सहमति के बिना घर छोड़ दिया और कोलकाता पहुंचकर शादी रचा ली। शादी करने के बाद दोनों ने एक साथ अपना एक वीडियो भी जारी किया था।
बताया जाता है कि महिला पहले भी प्रेम-प्रसंग को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। करीब दस वर्ष पूर्व उसे मोहम्मद मनन आलम नामक युवक से प्यार हो गया था। तब उसने हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया था और अपना नाम सीमा परवीन रख लिया था। उस समय भी उसकी शादी की चर्चा खूब हुई थी। अब महिला ने जमुई के युवक महावीर ठाकुर से विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि उसने दोबारा हिंदू धर्म अपनाने और अपने नए पति के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई है। इस पूरे मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्थानीय ग्रामीण की शिकायत को लेकर महिला और उसके प्रेमी को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था। जहां पुलिस कर्मियों के सामने दोनों ने एक साथ रहने की बात कही है। युवक महावीर ठाकुर का कहना है कि लगभग 2 साल पहले मिस कॉल से एक दूसरे के बीच बातें शुरू हुई थी। इसके बाद लगातार हम दोनों के बीच बातचीत होने लगी और प्यार हो गया । इसके बाद हम लोगों ने मिलने का फैसला लिया फिर यह मेरे साथ अपने घर से भाग कर कोलकाता आ गई वहां हम दोनों ने मंदिर में शादी रचा लिया। अब महावीर का कहना है कि वह बिंदु के साथ ही रहेगा उससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बिंदु की पिछली जिंदगी कैसी थी। अब तो मुझे बिंदु के साथ ही साथ रहना है साथ जीना है साथ मरना है, मैंने इसे सच्चा प्रेम किया ।
वही इस मामले में बिंदु उर्फ सीमा परवीन ने बताया कि मेरी शादी 10 साल पहले पूर्णिया के मनन आलम के साथ हुई थी। शादी के बाद मनन लगातार उसे प्रताड़ित किया करता था। जिससे परेशान होकर वह मिस कॉल से संपर्क में आए महावीर के साथ प्रेम संबंध बना लिया और अपने बच्चे और घर छोड़कर महावीर से शादी रचा लिया। वही इस मामले में खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर दोनों को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था। दोनों बालिक है अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया। हालांकि, विवाह और धर्म परिवर्तन से जुड़े दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है और यह प्रेम कहानी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




