Bihar Road Accident: बिहार के जमुई जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चियों की मौत हो गई. सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर कुमार गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पूजा कर पैदल घर लौट रही दो बच्चियों को कुचल दिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया.
मृत बच्चियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय बेटी सुलेखा कुमारी और संकेंद्र यादव की 16 वर्षीय बेटी अंशु कुमारी के रूप में हुई है. दोनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां मां नेतुला मंदिर में पूजा करने गई थीं. पूजा करने के बाद वे पैदल अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर कुमार गांव के पास तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गईं. हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. एक साथ दो बच्चियों की मौत से ग्रामीणों में दुख के साथ आक्रोश भी फैल गया. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए.
गुस्साए ग्रामीणों ने जाम किया सिकंदरा-नवादा मार्ग
दो बच्चियों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध जताते हुए सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा.
हादसे की सूचना मिलने के बाद जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए. पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही.





