JAMUI: जमुई रेलवे स्टेशन के डाउन लाइन स्थित रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या के इरादे से पहुंची एक 19 वर्षीय युवती की जान रेलवे गैंगमैन और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से बच गई। समय रहते की गई इस मानवीय पहल से एक बड़ा हादसा टल गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर ग्रामीण रेलवे कर्मियों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मलयपुर थाना क्षेत्र के पतोना मुसहरी निवासी कारु मांझी की 19 वर्षीय पुत्री घरेलू विवाद के बाद नाराज होकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई थी। बताया जाता है कि युवती रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में छिपकर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य में लगे एक गैंगमैन की नजर उस पर पड़ी। युवती की गतिविधियों और उसकी मानसिक स्थिति को देखकर गैंगमैन को किसी अनहोनी की आशंका हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती लगातार रो रही थी और काफी तनाव में दिखाई दे रही थी। उस समय रेलवे फाटक भी बंद था तथा डाउन लाइन से एमयू पैसेंजर ट्रेन के आने की सूचना थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए गैंगमैन ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों और गैंगमैन ने युवती को झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विधुभूषण सिंह भी मौके पर पहुंचे और युवती को शांत कराने में सहयोग किया। सभी लोगों ने मिलकर उसे रेलवे ट्रैक से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसकी काउंसलिंग जैसी बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया।
बाद में युवती से उसका पता और पारिवारिक जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि घर में भाई-भाभी के साथ हुए विवाद के कारण वह नाराज होकर घर से निकल गई थी। युवती के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में उसकी मां तथा तीन भाई हैं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विधुभूषण सिंह ने कहा कि रेलवे गैंगमैन और स्थानीय ग्रामीणों की सजगता एवं मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक बहुमूल्य जीवन बचाया जा सका। उनकी तत्परता ने एक बड़े हादसे को होने से रोक दिया और युवती को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया।



