Bihar Police News: गयाजी में छुट्टी समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर ड्यूटी पर योगदान नहीं देने वाले 14 पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने बुधवार को पुलिस केंद्र के निरीक्षण के दौरान दो पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और 12 सिपाहियों समेत कुल 14 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मी अवकाश समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और योगदान नहीं दिया। एसएसपी ने इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
एसएसपी सुशील कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ड्यूटी के प्रति अनुशासित और सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश समाप्त होने के बाद प्रत्येक पुलिसकर्मी को बिना किसी देरी के निर्धारित स्थान पर योगदान देना होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं करने वाले पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस केंद्र के पदाधिकारियों और कर्मियों से यह भी सवाल किया कि जिन पुलिसकर्मियों ने समय पर ड्यूटी पर योगदान नहीं किया, उनकी सूचना वरीय अधिकारियों को समय पर क्यों नहीं दी गई।
इस मामले में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति गंभीर रहने और निर्धारित समय का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही, समय पर योगदान नहीं करने या ऐसी स्थिति की सूचना वरीय अधिकारियों को नहीं देने वालों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी।



