Bihar School News: पश्चिमी चंपारण के भितहा प्रखंड में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब उत्क्रमित मध्य विद्यालय दीही पकड़ी में कक्षा चलने के दौरान छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया. प्लास्टर की चपेट में आने से कक्षा आठ में पढ़ने वाली दो छात्राएं घायल हो गईं. दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
घटना दीही पकड़ी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दीही पकड़ी की है. बताया गया कि विद्यालय के पुराने भवन में बच्चों की कक्षा चल रही थी. इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा. प्लास्टर गिरते ही कक्षा में मौजूद बच्चों के बीच अफरातफरी मच गई.
दो छात्राएं हुईं घायल
प्लास्टर गिरने की घटना में कक्षा आठ की छात्राएं सुमन कुमारी और निभा कुमारी घायल हो गईं. घटना के बाद प्रधान शिक्षक हरेंद्र किशोर बैठा की पहल पर दोनों छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया. दोनों छात्राओं की हालत सामान्य बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी. स्कूल में अचानक हुई इस घटना के बाद शिक्षकों और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है.
पुराना और जर्जर है स्कूल भवन
प्रधान शिक्षक के अनुसार विद्यालय का पुराना भवन काफी जर्जर स्थिति में है. विद्यालय में पर्याप्त भवन नहीं होने के कारण बच्चों की कक्षाएं पुराने भवन में संचालित करनी पड़ रही हैं. इसी भवन की छत का प्लास्टर गिरने से छात्राओं के घायल होने की घटना सामने आई है.
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अब खुले में पढ़ाई कराने की तैयारी की जा रही है. प्रधान शिक्षक ने बताया कि जर्जर भवन में बच्चों को पढ़ाना जोखिम भरा है. ऐसे में जब तक सुरक्षित व्यवस्था नहीं होती, बच्चों की कक्षाएं खुले स्थान पर संचालित की जाएंगी.





