Bihar Tourism News: बिहार में पर्यटन स्थलों की सैर अब और भी आरामदायक तरीके से की जा सकती है. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की लग्जरी कैरावैन पर्यटकों को अपनी पसंद के गंतव्य तक परिवार या दोस्तों के साथ यात्रा करने का विकल्प दे रही है. इस कैरावैन से बिहार के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के अलावा दूसरे राज्यों और नेपाल तक की यात्रा की जा सकती है.
इस कैरावैन की खासियत यह है कि पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का गंतव्य और रूट तय कर सकते हैं. यानी किसी तय टूर पैकेज तक सीमित रहने के बजाय अपनी जरूरत के हिसाब से यात्रा की योजना बनाई जा सकती है. अब तक इस कैरावैन से राजगीर, नालंदा, पावापुरी, बोधगया, गया, मुंडेश्वरी धाम, कैमूर, वैशाली, बक्सर, आरा, बेतिया और धनबाद समेत कई जगहों की यात्रा की जा चुकी है.
नेपाल और दूसरे राज्यों तक भी सफर
बिहार के पर्यटन स्थलों के अलावा कैरावैन से अयोध्या और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा भी की गई है. वहीं नेपाल के काठमांडू और पोखरा तक भी पर्यटक इस कैरावैन से सफर कर चुके हैं. इससे परिवार के साथ लंबी दूरी की निजी यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह एक अलग विकल्प बन गया है.
पर्यटक अपनी यात्रा की अवधि, गंतव्य और रूट के हिसाब से कार्यक्रम तैयार कर सकते हैं. परिवार, दोस्तों के समूह या निजी यात्रा की योजना बनाने वाले लोग एक ही वाहन में सफर कर सकते हैं.
कैरावैन पटना दर्शन से राजधानी की सैर
पर्यटकों के लिए कैरावैन पटना दर्शन सेवा भी उपलब्ध है. इसके तहत पटना के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की सैर कराई जाती है. इसमें तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, बिहार संग्रहालय, बापू टावर, गोलघर और सभ्यता द्वार जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं.
इस यात्रा के दौरान पर्यटकों के लिए गंगा में स्पीड बोट राइड का विकल्प भी उपलब्ध है. सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की प्रस्तावित पटना दर्शन यात्रा के लिए पैकेज की कीमत 16 हजार रुपये निर्धारित की गई है.
8 सीट, 4 बेड और कई आधुनिक सुविधाएं
लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए कैरावैन में आठ लोगों के बैठने और चार लोगों के सोने की व्यवस्था की गई है. इसमें 360 डिग्री घूमने वाली कुर्सियां, सोफा, रसोई और बाथरूम की सुविधा है.
मनोरंजन के लिए कैरावैन में टीवी के साथ बेड के पास व्यक्तिगत स्क्रीन भी उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा जनरेटर, कैंपिंग के लिए कैनोपी, सीसीटीवी कैमरे और आपात स्थिति में सहायता के लिए एसओएस बटन भी लगाया गया है.
75 रुपये प्रति किलोमीटर है किराया
बिहार पर्यटन निगम की इस लग्जरी कैरावैन की बुकिंग 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से की जा सकती है. हालांकि, बुकिंग के लिए प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर की दूरी तय करना अनिवार्य है. इस हिसाब से एक दिन का मूल किराया 18,750 रुपये होगा. इस किराये पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देना होगा.
यात्रा के दौरान टोल टैक्स, पार्किंग, रात्रि ठहराव और अन्य लागू शुल्क अलग से हो सकते हैं. इन शुल्कों की जानकारी बुकिंग के समय निगम से ली जा सकती है. नेपाल की यात्रा करने वाले पर्यटकों को सीमा पार आवागमन, जरूरी अनुमति और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी भी पहले से लेनी होगी.
कहां से कर सकते हैं बुकिंग
कैरावैन की बुकिंग के लिए पर्यटक बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के सिख हेरिटेज भवन स्थित कार्यालय, दारोगा राय पथ स्थित निगम कार्यालय या कौटिल्य विहार काउंटर से संपर्क कर सकते हैं.
ऑनलाइन बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए निगम के मोबाइल नंबर 8544418209 पर संपर्क किया जा सकता है. निगम की वेबसाइट के माध्यम से भी कैरावैन की बुकिंग से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.





