Bihar Crime News: बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इमामगंज थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर में खाना बनाते समय चार रोटी कम पड़ गई थी, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि महिला की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय रीना कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब पांच साल पहले विश्रामपुर गांव निवासी सागर विश्वकर्मा के साथ हुई थी। दोनों का एक साल का बच्चा भी है। परिवार वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही रीना को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, रीना का पति काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहता है। ऐसे में वह अपने सास-ससुर और ननदों के साथ घर पर रह रही थी। शनिवार की रात उसने अपने मायके फोन कर बताया था कि घर में खाने के दौरान चार रोटी कम बन गई हैं, इसी बात को लेकर सास, ससुर और दोनों ननद उससे झगड़ा कर रहे हैं और ताने दे रहे हैं।
रीना के पिता ने बताया कि रात करीब 9 बजे बेटी का फोन आया था। उसने रोते हुए घर में चल रहे विवाद की जानकारी दी थी। परिजन रात अधिक होने के कारण तुरंत वहां नहीं पहुंच सके। इसी बीच आरोप है कि सास-ससुर और दोनों ननदों ने मिलकर रीना का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सुबह में परिवार को रीना की मौत की सूचना दी गई। खबर मिलते ही मायके वाले ससुराल पहुंचे, जहां बेटी की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने सीधे तौर पर ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद इमामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में मृतका के चाचा लक्ष्मी मिस्त्री की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में सास शांति देवी, ससुर इंद्रदेव मिस्त्री और दो ननदों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों ननद घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि घर में अक्सर विवाद होता रहता था। आसपास के लोगों ने भी कई बार झगड़े की आवाज सुनी थी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




