गया/इमामगंज: गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में करीब 24 घंटे से लापता 18 वर्षीय गुलाम आशिक अंसारी का शव नदी से बरामद कर लिया गया। मृतक दुबहल गांव निवासी युसूफ अंसारी का पुत्र था और इंटर का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे गुलाम आशिक अंसारी दुबहल नदी के पुल के पास नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद इमामगंज थाना पुलिस, जिला प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 31 अगस्त को भी SDRF की टीम ने दोपहर करीब एक बजे तक लगातार नदी में तलाश की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद गुलाम आशिक का पता नहीं चल सका। इसके बाद SDRF की टीम वापस लौट गई।
SDRF के लौटने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर नदी में तलाश जारी रखी। इसी दौरान मल्हारी की ओर से बहकर आ रहे एक शव को ग्रामीणों ने विश्रामपुर पुल के पास देखा। ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई, जिसकी पहचान गुलाम आशिक अंसारी के रूप में हुई। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में पुलिस की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गया से नितम राज की रिपोर्ट





