आजकल रील बनाने के चक्कर में मारा जा रहा है। अभी दो दिन से मैं देख रहा था, रील ही खाली बन रहा था। उसने यदि रील नहीं बनाया होता तो वह पकड़ता क्या? इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे।कोई भी आपराधिक घटना करने से समाज का हीरो नहीं हो सकता है। चैलेंज करोगे तो 24 घंटा में जवाब मिलेगा ही। दूसरा कोई उपाय नहीं है। यह बातें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल फर्स्ट बिहार के तरफ से आयोजित रियल हीरोज़ अवार्ड्स समारोह में शिरकत करते हुए कहा है।
दरअसल, जमुई के मड़वा पहाड़ के पास सड़क पर नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ दरिंदगी मामले का मुख्य आरोपित नंदन यादव अक्सर इंटरनेट मीडिया पर पुलिस को चुनौती देते हुए रील्स बनाता था। घटना के चार दिन पूर्व 15 सितंबर को उसने एक गाने, जिसके बोल हैं- "गोली ठोक के दिखाओ, फोरलेन पर गाड़ी रोक के दिखा..." पर वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें जमुई एससी-एसटी थाने का दृश्य भी दिख रहा है। नंदन के एनकाउंटर के बाद लोग वही पुराना वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करते हुए तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वहीं, इसको लेकर अब फर्स्ट बिहार के कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने कहा कि रील हीरो आजकल बहुत हो गया है। आजकल रील ही बन रहा है। समझ गए। अभी 2 दिन से देख रहा था, रील ही खाली बन रहा था। मैं बार-बार कहता हूं कि हमारा प्रशासन सुशासन के लिए जाना जाता है। यदि सुशासन नहीं होगा तो सुरक्षा भी नहीं होगा। इसलिए मैं तो बार-बार कहता हूं कि अपराधियों को कि- अरे! मेरे पुलिस को चैलेंज क्यों करते हो? चैलेंज करोगे तो 24 घंटा में जवाब मिलेगा ही, दूसरा कोई उपाय नहीं है। अरे! अपना जीवन जियो, कोई मना नहीं करता है। लेकिन कोई आपराधिक घटना करने से समाज का हीरो नहीं हो सकता है। आजकल रील बनाने के चक्कर में मारा जा रहा है।जमुई की जो घटना है, आपने देखा होगा। उसने यदि रील नहीं बनाया होता तो वह पकड़ता क्या? इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे।
बता दें कि, बिहार में जमुई शहर के नजदीक मड़वा पहाड़ी इलाके में अपने सहपाठी संग घूमने निकली नाबालिग छात्रा के साथ दरिंदगी और शर्मनाक और बेहद ही अश्लील हरकत का मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव शराब की तस्करी और अवैध बालू खनन के धंधे में शामिल रहे हैं। इस कांड में पकड़े गए आरोपियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस अब हर एक पहलुओं को देख रही है। पता चला है कि दोनों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, छात्र-छात्रा से दरिंदगी के दौरान दोनों शराब के नशे में थे। पुलिस ने मंगलवार को उनके ही गांव (प्रतापपुर) के समीप मुठभेड़ के बाद दोनों को धर दबोचा। नंदन के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम का पैर फ्रैक्चर है। दोनों अस्पताल में हैं।
इधर, आरक्षी अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने दोनों आरोपियों के शराब और अवैध बालू के धंधे में शामिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दोनों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि कुंदर जाने वाले रास्ते से शराब का कारोबार चलता है। इसके अलावा प्रतापपुर घाट से इन दोनों का अवैध बालू का कारोबार चल रहा था। दोनों आरोपी ने शराब और अवैध बालू के कारोबार से अच्छा-खासा रुपया कमाया था।





