VAISHALI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में नवनिर्मित नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं वैशाली के सांसद चिराग पासवान ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और प्रधानमंत्री के संकल्पों के प्रति बिहार की प्रतिबद्धता दोहराई।
चिराग पासवान ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया गया है। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ निश्चय और नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि एक समय बिहार ही नहीं, बल्कि पूरा देश नक्सलवाद से प्रभावित था। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक काम हुआ है। साथ ही, नक्सलवाद से प्रभावित युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का अगला संकल्प भारत को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने बिहार की जनता की ओर से भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस संकल्प को पूरा करने में हर बिहारी मजबूती से प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है।
अपने संबोधन के अंत में चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन और बिहारवासियों को सम्मान देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर क्षेत्र और हर वर्ग का ध्यान रखते हैं। इसके लिए उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।





