Bihar weather: बिहार में मौसम ने इन दिनों दोहरा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। एक ओर दक्षिण बिहार भीषण गर्मी और तपिश से झुलस रहा है, तो दूसरी ओर उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज का असर अब जनजीवन और बच्चों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। इसी को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह त्यागराजन ने गर्मी को लेकर आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। ऐसे में एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। हालांकि छठी कक्षा से ऊपर की कक्षाओं के संचालन को लेकर स्कूल प्रबंधन को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
दक्षिण बिहार के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसी स्थिति से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।
वहीं दूसरी तरफ उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का बिल्कुल अलग रूप देखने को मिल रहा है। मधेपुरा और सहरसा जिले में ठनका गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी लोग बारिश और खराब मौसम के दौरान खुले स्थान पर मौजूद थे, तभी अचानक बिजली गिरने की चपेट में आ गए। इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
दरभंगा में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक अस्पताल की फॉल्स सीलिंग गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए खेतों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बिहार में मौसम का यह असामान्य बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यही मिला-जुला असर जारी रह सकता है।
एक तरफ जहां लोग गर्मी से बेहाल हैं, वहीं दूसरी तरफ आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।





