Bihar TRE 4 Vacancy 2026 : बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4 का इंतजार कर रहे युवाओं को अब जल्द खुशखबरी मिलने वाली है। राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि जुलाई के दूसरे सप्ताह तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है और जल्द ही रिक्तियों की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाएगी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में शिक्षकों की जितनी जरूरत होगी, उतनी नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस साल 20 हजार से अधिक पदों पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और भर्ती प्रक्रिया को नियमित बनाना है।
TRE-4 को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया, खाली पदों की स्थिति और भर्ती में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद सरकार की ओर से कई बड़े संकेत दिए गए, जिससे अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि बिहार सरकार अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करेगी। इसके तहत हर साल कम से कम 20 हजार शिक्षकों की बहाली सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाएगा ताकि युवाओं को लंबे इंतजार का सामना न करना पड़े।
सरकार अब शिक्षक बहाली के लिए स्थायी कैलेंडर लागू करने की तैयारी में है। इसके अनुसार हर वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। शिक्षा विभाग को इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता खत्म होगी और अभ्यर्थी पहले से अपनी तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
बैठक में पीटी और मेंस परीक्षा को लेकर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग जल्द ही इस संबंध में नई गाइडलाइन जारी करेगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पीटी और मेंस को लेकर अंतिम फैसला लेने का अधिकार सामान्य प्रशासन विभाग के पास है। ऐसे में अभ्यर्थियों को जल्द नई व्यवस्था की जानकारी मिल सकती है।
इसके अलावा राज्य में शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जून महीने से ही शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। ट्रांसफर नीति को लेकर तैयार प्रस्ताव पर जल्द ही कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है। नई नीति लागू होने के बाद शिक्षकों को पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण का लाभ मिलेगा।
सरकार के इन फैसलों से साफ है कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रही शिक्षक बहाली से एक ओर जहां सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
अब सभी की नजर जुलाई के दूसरे सप्ताह पर टिकी हुई है, जब TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों की तैयारी भी नए जोश के साथ आगे बढ़ने वाली है।





