PATNA: बिहार में नर्सिंग शिक्षा एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने तथा नर्सिंग कॉलेजों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सुधारात्मक एवं निगरानी संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत की अध्यक्षता में नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में BNRC Portal, नर्सिंग कॉलेजों के Recognition एवं Nursing Workforce Reforms से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान माननीय स्वास्थ्य मंत्री ने नर्सिंग कॉलेजों में निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नर्सिंग कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षकों को नियुक्त करने, समय से पाठ्यक्रम पूर्ण कराने और इंटरनल एसेसमेंट कराने हेतु भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने निर्देश दिया कि नर्सिंग कॉलेजों के मानकों की जांच के लिए जिला स्तर पर कमेटी का गठन कर Physical Inspection कराया जाए। निरीक्षण के दौरान संस्थानों में उपलब्ध आधारभूत संरचना, शिक्षण व्यवस्था, मानव संसाधन, आवश्यक सुविधाओं एवं अन्य निर्धारित मानकों की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
माननीय मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी नर्सिंग कॉलेजों के लिए निर्धारित मानकों का अनुपालन अनिवार्य होगा। जिन संस्थानों में मानकों से संबंधित कमियां पाई जाती हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया जाए। इस संबंध में सभी नर्सिंग कॉलेजों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने को भी कहा गया।
CCTV के माध्यम से कक्षाओं की होगी निगरानी
नर्सिंग कॉलेजों में CCTV कैमरा लगाने और शैक्षणिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को Live Feed का लिंक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से नर्सिंग कॉलेजों में संचालित कक्षाओं की लाइव निगरानी एवं निरीक्षण किया जा सकेगा। इससे शिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता, नियमितता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
नए Portal की प्रगति की समीक्षा
बैठक में नए Portal पर प्राप्त LOP की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, पूर्व के ऑफलाइन मान्यता हेतु प्राप्त आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
Inspection Request नहीं कराने वाले संस्थानों पर समय-सीमा तय करने का निर्देश
समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि संस्थानों द्वारा मान्यता प्राप्त करने हेतु निरीक्षण का अनुरोध नहीं किया जा रहा है उस पर निश्चित समय अवधि में निरीक्षण कराया जाए। ऐसे मामलों में स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाने के लिए Randomized Inspection Committees के माध्यम से Physical Inspection कराने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य नर्सिंग संस्थानों में वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष आकलन करते हुए निर्धारित मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।
नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। सभी नर्सिंग संस्थानों में निर्धारित मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ निगरानी एवं निरीक्षण की व्यवस्था को और मजबूत करने पर उन्होंने जोर दिया। बैठक में नर्सिंग क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही, प्रभावी निगरानी तथा गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में किए जा रहे सुधारों की भी समीक्षा की गई।





