PATNA: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP)अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड, ओपीडी, पैथोलॉजी विभाग और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित एक डॉक्टर पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान मंत्री निशांत को इस बात की जानकारी मिली कि संबंधित डॉक्टर की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से निर्धारित थी, लेकिन करीब 3 बजे तक वे अस्पताल नहीं पहुंचे। अधिकारियों द्वारा फोन पर संपर्क करने पर डॉक्टर ने बताया कि उन्हें अस्पताल पहुंचने में लगभग आधा घंटा और लगेगा। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें तत्काल विभाग में उपस्थित होने का निर्देश देते हुए देरी का कारण पूछा।
बुजुर्ग महिला की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने स्वास्थ्य मंत्री को रोककर अपनी समस्या बताई। महिला ने कहा कि वह पिछले दिन से एक्स-रे कराने के लिए अस्पताल में इंतजार कर रही हैं, लेकिन अब तक जांच नहीं हो सकी है। मंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देकर महिला को एक्स-रे के लिए भेजा और उनकी समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया।
सफाई और पैथोलॉजी व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर साफ-सफाई की कमियां भी सामने आईं। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध एमआरआई, सीटी स्कैन और अन्य चिकित्सा उपकरणों की कार्यस्थिति की भी जानकारी ली। मंत्री निशांत ने कहा कि मरीजों के इलाज और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इससे पहले PMCH का किया गया था निरीक्षण
बता दें कि इससे पहले 23 जून को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) का भी औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान अस्पताल की कई व्यवस्थाओं में खामियां सामने आई थीं। निरीक्षण के दौरान तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ड्यूटी के समय अनुपस्थित पाए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में यह सामने आया था कि संबंधित अधिकारी बिना स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित थे और सरकारी समय में अपने निजी क्लीनिक में मौजूद थे। जांच के बाद विभाग ने प्रशासनिक लापरवाही और कर्तव्यहीनता मानते हुए उन्हें PMCH के प्रभारी प्राचार्य के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया था। अब लोकनायक जयप्रकाश (LNJP)अस्पताल के डॉक्टर ड्यूटी से गायब मिले है। ऐसे में सबकी निगाहें मंत्री निशांत पर टिकी हुई है कि वो इस मामले में क्या एक्शन लेते हैं?
हालांकि स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने यह जरूर कहा कि बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और मरीजों की सुविधा से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





