Bihar Police News: पटना में एसपी ने 11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया है। सितंबर महीने में अनुसंधान और कांडों के निष्पादन की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई। संबंधित पदाधिकारियों पर अनुसंधान में शिथिलता, लापरवाही और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने का आरोप है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि संबंधित अनुसंधानकर्ताओं ने अपने जिम्मे के मामलों में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य के अनुरूप कांडों का निष्पादन नहीं किया। इसके बाद ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने संबंधित पदाधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश जारी किया। एक साथ इतने पुलिस पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई से संबंधित थानों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के तहत बख्तियारपुर थाना के 13, बाढ़ थाना के 11, अथमलगोला थाना के 10, फतुहा थाना के आठ, खुसरूपुर थाना के सात और पंडारक थाना के छह पुलिस पदाधिकारियों का वेतन रोका गया है। वहीं, दीदारगंज और सालिमपुर थाना के पांच-पांच, मरांची थाना के तीन तथा मोकामा और नदी थाना के दो-दो पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों पर एक साथ की गई इस कार्रवाई को लंबित कांडों के अनुसंधान और निष्पादन में तेजी लाने की पहल माना जा रहा है। ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने और अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुसंधान और कांडों के निष्पादन में ढिलाई को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




