Bihar Flood News: भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को कबैया पोखर में नहाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया.
मृतकों की पहचान नंदलालपुर चांदनी चौक निवासी विभीषण कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार को कबैया पोखर में नहाने गए थे. इसी दौरान नहाते हुए दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
दोनों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. काफी प्रयास के बाद दोनों के शवों को पोखर से बाहर निकाला जा सका.
घटना की जानकारी सदानंदपुर पंचायत के मुखिया गोपाल पासवान ने कहलगांव थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कहलगांव थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया. थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.





